'बोधित्व' थीम पर सजेगी भव्य भीमनगरी, 125 फीट ऊँचे महल में विराजेगा बाबा साहेब का गौरव
जीआईसी मैदान में हुआ भूमि पूजन
- कोठी मीना बाज़ार के बजाय इस बार GIC मैदान, शाहगंज में सजेगा दरबार।
- कोलकाता के 80 कारीगर तैयार कर रहे हैं 300 फीट चौड़ा और 125 फीट ऊँचा विशाल महल।
- ग्यासपुरा क्षेत्र के लिए स्वीकृत 5.50 करोड़ के विकास कार्य न शुरू होने पर जनता में रोष।
आगरा। डा. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती पंचकुइया शाहगंज के राजकीय इण्टर कॉलेज के मैदान में सजने जा रही है। इस बार बोधित्व थीम पर भीमनगरी सजेगी। ग्यासपुरा क्षेत्र की भीमनगरी समारोह आयोजन समिति ने भीमनगरी के लिए सोमवार को जीआईसी मैदान में बौद्ध रीति-रिवाजों से केंद्रीय भीमनगरी समिति के मुख्य संरक्षक एडवोकेट करतार सिंह भारतीय, अध्यक्ष धर्मेंद्र सोनी, महामंत्री श्याम जरारी और ऋषि कुमार के हाथों पुष्प अर्पित कर भूमि पूजन कराया।
अध्यक्ष सुभाष सागर ने बताया कि आंबेडकर जयंती शोभायात्रा इस वर्ष 14 अप्रैल की शाम को शहर में निकलेगी और 15 से 17 अप्रैल तक शाहगंज के जीआईसी मैदान में भीमनगरी का महल सजेगा। बाबा साहेब के अनुयायियों में जोश की कोई कमी नहीं जीआईसी मैदान में ऐतिहासिक भीमनगरी सजेगी।
महामंत्री महेंद्र सिंह ने बताया कि भीम नगरी के महल को बनाने के लिए कलकत्ता से 80 से अधिक कारीगर आगरा पहुंचे है। महल 125 फीट ऊंचा और 300 फीट चौड़ा होगा। महल के आगे जमीन से छह फीट ऊंची, 200 फीट लंबी और 70 फीट चौड़ी स्टेज बनाई जाएगी। इसके आगे दो फव्वारे और सजावट के लिए पुष्प गमले लगाए जाएंगे।
प्रशासन के ढुलमूल रवैये की वजह से हुआ स्थान परिवर्तन
केंद्रीय समिति अध्यक्ष धर्मेंद्र सोनी ने कहा कि कोठी मीना बाज़ार के हाईकोर्ट के मामले में प्रशासन ढुलमूल रवैये की वजह से भीम नगरी को स्थान परिवर्तन कर करना पड़ा। कोठी मीना बाज़ार पर निजी मेले को तत्काल प्रभाव से हटाने की माँग करते है। मेले को हटाने के लिए सोमवार को ज़िलाधिकारी से मिलकर ज्ञापन दिया जाएगा। ग्यासपुरा क्षेत्र में समय से गुणवत्ता पूर्ण विकास कार्य होना आवश्यक है। इस अवसर पर संरक्षक प्रताप सिंह, रवि शंकर, कोषाध्यक्ष संजय सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय राना, सिंधी जनवेजा, वीर प्रकाश बंटी, राहुल सागर, राजेंद्र पिप्पल, सुमित निगम, राजू वर्मा, योगेश सरन, राहुल चतुर्वेदी, मुकेश कर्दम, राजेंद्र कर्दम, ओपी सिंह, अरविंद टाइटलर, अवधेश, रोहित, बॉबी, नवल, अवतार, विमल, टीटू, सुधा, लता, पप्पू आदि मौजूद रहे।

ग्यासपुरा क्षेत्र में 5 करोड़ 50 लाख के विकास कार्यो का हुआ शिलान्यास
क्षेत्रीय अध्यक्ष सुभाष सागर ने कहा कि भीमनगरी के ग्यासपुरा क्षेत्र में आगरा नगर निगम द्वारा स्वीकृत साढ़े पांच करोड़ रुपये से विकास कार्य कराएगा। क्षेत्र के बारह मुहल्लों की सड़क व नाली के निर्माण कार्य के लिए 5 करोड़ रुपए और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को बेहतर बनाने को 50 लाख का प्रस्ताव है। परंतु अभी तक कोई भी कार्य शुरू नहीं हुआ है। इससे क्षेत्रीय जानता में बेहद रोष है।